साल 2012 में दुनिया को परिवर्तन का इंतजार है। राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक बदलावों के दौर से गुजर रही दुनिया में इस साल भी कई बदलाव देखने को मिलेंगे। अमेरिका और चीन सहित कई देशों में नए मुखिया आ सकते हैं। भारत में भी राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव होंगे। विज्ञान और तकनीक की दुनिया में कई बड़ी खोज होने की उम्मीद हैं तो खेलों का महाकुंभ लंदन में आयोजित किया जा रहा है। आइए नजर डालते हैं ऐसी घटनाओं पर जिन पर पूरी दुनिया की निगाहें जमी रहेंगी। भारत में नया राष्ट्राध्यक्ष जुलाई 2012 में देश में नए राष्ट्रपति होंगे और महीने भर बाद ही उपराष्ट्रपति पद पर भी कोई नया चेहरा होगा। चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार और रणनीति पर सबकी नजर रहेगी। सत्ता के गलियारों में कई सवाल घुमड़ रहे हैं। मसलन, क्या प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शासनाध्यक्ष से राष्ट्राध्यक्ष की ओर कदम बढ़ाएंगे? क्या वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी सर्वोच्च संवैधानिक आसन की शोभा बढ़ाने को तैयार हो जाएंगे? क्या बेहद सादगी पसंद रक्षा मंत्री एके एंटनी राष्ट्रपति बनना पसंद करेंगे? क्या सुशील कुमार शिंदे अपना भाग्य आजमाएंगे? या उपराष्...